“साइबर गुलामी” पर बिहार पुलिस अकादमी में विशेष प्रशिक्षण, 100 अधिकारी हुए प्रशिक्षित

दस्तक 7मीडिया ,पटना 

बिहार पुलिस अकादमी के सभागार में साइबर अपराध से जुड़े ज्वलंत विषय “साइबर गुलामी” (Cyber Slavery) पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक-सह-निदेशक श्रीमती आर. मलर विलि ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने प्रारंभिक संबोधन में उन्होंने साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और उससे निपटने में पुलिस की सजगता एवं तकनीकी दक्षता की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में विनय तिवारी (पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज) तथा पंकज कुमार (डीएसपी, आर्थिक अपराध इकाई) ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने “साइबर गुलामी” की अवधारणा, इसके विभिन्न प्रकार, अपराध की कार्यशैली, पुलिस के समक्ष आने वाली चुनौतियाँ तथा प्रभावी रोकथाम एवं अनुसंधान के उपायों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों के एएचटीयू (AHTU) के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी, 69वीं बैच के प्रशिक्षु डीएसपी तथा अकादमी के पुलिस पदाधिकारियों सहित कुल 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का LIVE WEBCASTING के माध्यम से राज्य के सभी जिलों, इकाइयों एवं थानों में डिजिटल प्रसारण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी जुड़कर प्रशिक्षण का लाभ उठा सके। यह पहल साइबर अपराध के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता और क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है