सिपाही सुनील कुमार पर भ्रामक वीडियो फैलाने का आरोप, हथियार जमा कर भेजा गया अवकाश पर

दस्तक 7मीडिया /

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सिपाही संख्या 248 सुनील कुमार द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में स्थिति स्पष्ट की गई है।

जारी बयान के अनुसार, जनवरी 2026 के मध्य में मांझागढ़ थाना की ERV/MERV टीम में तैनात सिपाही 248 सुनील कुमार के व्यवहार में अचानक उग्रता एवं मानसिक अस्थिरता के लक्षण देखे गए। थाना अध्यक्ष मांझागढ़ ने उनके अनियंत्रित आचरण को गंभीरता से लेते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने के उद्देश्य से उनका आवंटित सरकारी हथियार (पिस्टल) वापस ले लिया।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 30 जनवरी 2026 को विधिवत सनहा दर्ज कर उक्त हथियार को पुलिस लाइन के कोत में जमा करा दिया गया। इसके बाद सिपाही सुनील कुमार द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर यह आरोप लगाया गया कि पुलिस कर्मियों ने उनका हथियार छीन लिया है और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सिपाही की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दो पुलिसकर्मियों की निगरानी में सरकारी वाहन से उनके घर पहुंचाया गया। वर्तमान में वे अपने परिवार के संरक्षण में हैं और उन्हें उचित उपचार के लिए अवकाश प्रदान किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि विभाग द्वारा पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की गई है और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से आमजन को भ्रमित न होने की अपील की गई है। साथ ही कहा गया है कि पुलिस बल के अनुशासन एवं सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।