मिथिला लोक उत्सव 2025–26 के आयोजन हेतु डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मिथिला लोक उत्सव 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव की तिथि, स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मिथिला लोक उत्सव का आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन ऑडिटोरियम, दरभंगा में तथा खेल एवं अन्य गतिविधियाँ नेहरू स्टेडियम एवं पोलो मैदान में आयोजित होंगी।

उत्सव के दौरान लोक नृत्य, लोक गायन, हास्य कलाकारों की प्रस्तुति, हिंदी एवं मैथिली गायन, नाटक, लोक गाथा आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय उत्कृष्ट कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी इसमें भाग लेंगे।

खेलकूद प्रतियोगिताओं में नौकायन एवं कबड्डी प्रमुख आकर्षण होंगे। नौकायन प्रतियोगिता हराही पोखर में तथा कबड्डी प्रतियोगिता पोलो मैदान में आयोजित की जाएगी।

मिथिला की समृद्ध लोक परंपरा, कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न विधाओं के उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्वभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा, जिसमें विभिन्न भाषाओं के कवि अपनी रचनाएँ प्रस्तुत करेंगे।

उत्सव के अवसर पर पोलो मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं उपयोगी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें आजीविका नगर निगम, कृषि विभाग, आईसीडीएस, जीविका, वन विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सुधार डेयरी, अग्निशमन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, उद्योग विभाग, मखाना अनुसंधान केंद्र, बैंकिंग दरभंगा, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण दरभंगा, पशुपालन विभाग, डीएलएसए एवं किलकारी संस्थान शामिल रहेंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें मंच एवं पहचान मिल सके। साथ ही ऑडिटोरियम, पोलो मैदान एवं समाहरणालय की दीवारों पर मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उत्कृष्ट कलाकारों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियाँ समयबद्ध, समन्वित एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मिथिला लोक उत्सव 2025–26 को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाया जा सके।

बैठक में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी) राजेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, नजारत उप समाहर्ता पवन कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती वृषभानु चंद्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी  चंदन कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।