डीएम कौशल कुमार ने कन्या आवासीय प्लस टू विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, डीसीएलआर, अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बालिकाओं के लिए छात्रावास (विस्तार) भवन का निर्माण विद्यालय परिसर में ही प्रस्तावित है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को परिसर में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय की चाहरदीवारी के बाहर स्थित कुछ भूमि पर अतिक्रमण है। जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी, केवटी को अविलंब अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का सख्त निर्देश दिया।

शिक्षकों के लिए आवासीय भवन निर्माण हेतु आवश्यकता के अनुरूप भूमि उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा छात्रावास परिसर में जल जमाव की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया तथा जल निकासी के लिए नाला निर्माण का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी कार्य पूर्ण कराए जाएं।