जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आरओबी निर्माण कार्यों की समीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान दिल्ली मोड़, पंडासराय, बेला गुमटी तथा चट्टी गुमटी में संचालित आरओबी निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन कारणों से कार्य प्रभावित हो रहा है, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
पंडासराय में रिटेनिंग वॉल (आर/ई वाल) निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आरओबी भाग का डिजाइन एवं ड्राइंग शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं चट्टी गुमटी के समीप प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य को अविलंब प्रारंभ कराने को कहा गया, ताकि ओवरब्रिज निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल दरभंगा के वरीय परियोजना अभियंता द्वारा पंडासराय गुमटी, बेला गुमटी एवं चट्टी गुमटी सहित अन्य स्थलों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। निगम के अभियंता ने आश्वस्त किया कि सभी आरओबी एवं संबद्ध कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए कार्य में तेजी लाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आरओबी निर्माण कार्य पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।