डीएम ने दिल्ली मोड़ पर निर्माणाधीन बस स्टैंड का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समय सीमा पर दिया जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पर निर्माणाधीन बस स्टैंड परिसर में चल रहे विकास कार्यों का आज जिलाधिकारी कौशल कुमार ने विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को बस स्टैंड परिसर के चारों ओर सुदृढ़ चाहरदीवारी का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया, ताकि परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

निरीक्षण के क्रम में बस स्टैंड भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। जिलाधिकारी ने स्वीकृत नक्शे का अवलोकन कर निर्माण की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की समीक्षा की तथा संबंधित अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य समय-सीमा और मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थलों पर अतिक्रमण भी पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

परियोजना निदेशक, बुडको द्वारा बताया गया कि बस स्टैंड तक जाने वाली सड़क को मोटरेबल बना दिया गया है। जिलाधिकारी ने सड़क का भौतिक सत्यापन भी किया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परियोजना को समयबद्ध एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया।