केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बिहार के तीन आईपीएस अफसर होंगे  रवाना ,सीआरपीएफ और आसूचना ब्यूरो में संभालेंगे अहम जिम्मेदारी

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई  है। राज्यपाल के आदेश से जारी अधिसूचना के अनुसार तीनों अधिकारियों को अपने-अपने वर्तमान पद का प्रभार त्याग कर केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

भा.पु.से. (2011 बैच) की अधिकारी स्वप्ना गौतम मेश्राम, जो वर्तमान में राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, बिहार, पटना में पुलिस उप-महानिरीक्षक पद पर पदस्थापित थीं, को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर Central Reserve Police Force (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) में पुलिस उप-महानिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें वर्तमान पद से विरमित करते हुए उनकी सेवाएं Ministry of Home Affairs (गृह मंत्रालय, भारत सरकार) को सौंपी गई हैं।

इसी क्रम में भा.पु.से. (2011 बैच) के अधिकारी आशीष भारती, जो मद्यनिषेध एवं एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स), बिहार में पुलिस उप-महानिरीक्षक पद पर कार्यरत थे, को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर Central Reserve Police Force (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) में पुलिस उप-महानिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में योगदान कर प्रतिवेदन गृह विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया है।

वहीं भा.पु.से. (2013 बैच) के डॉ गौरव मंगला, जो बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-7, कटिहार में समादेष्टा के पद पर पदस्थापित थे, को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर Intelligence Bureau (आसूचना ब्यूरो) में संयुक्त उप निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है।

तीनों अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित केंद्रीय संस्थानों में योगदान देने के उपरांत इसकी सूचना गृह विभाग, बिहार को उपलब्ध कराएं।