28 फरवरी तक एएसआई की मनोनयन सूची भेजने का निर्देश, पुलिस मुख्यालय सख्त

दस्तक 7मीडिया ,पटना।

बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य स्तर पर सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) की कोटि में कार्यरत पदाधिकारियों की 50 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) की ओर से केन्द्रीय क्षेत्र पटना, मगध क्षेत्र गयाजी तथा शाहाबाद क्षेत्र डिहरी ऑन-सोन के संबंधित अधिकारियों को पुनः पत्र जारी किया गया है।

जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि अधीनस्थ जिलों पटना, नवादा, अरवल, जहानाबाद, गया, औरंगाबाद, भोजपुर एवं रोहतास से स्वीकृत बल के 50 प्रतिशत को छोड़कर शेष सभी सहायक अवर निरीक्षकों की मनोनयन सूची विहित प्रपत्र में उपलब्ध कराई जाए।

बताया गया है कि इस संबंध में पूर्व में 12 दिसंबर 2025, 8 जनवरी 2026 एवं 6 फरवरी 2026 को भी पत्र भेजकर 15 फरवरी 2026 तक सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) श्री मनोज कुमार ने 28 फरवरी 2026 तक हर हाल में सूची पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन से जारी किया गया है।