पाली में चाकूबाजी के बाद उपजे तनाव पर प्रशासन सख्त, डीआईजी, डीएम,एसएसपी भी कर चुके हैं घटनास्थल का दौरा, एसडीएम, एसडीपीओ कर रहे हैं कैंप

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाली मछली बाजार के समीप हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शांति व्यवस्था बहाल करने और दोषियों पर नकेल कसने के लिए दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने घटनास्थल का सघन दौरा किया और पुलिस पदाधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
घटना के बाद से ही क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी स्वयं घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। इनके मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सहित विभिन्न थानों से आए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं।
बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस टीम ने मानवीय रुख अपनाते हुए घायल युवकों के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने परिजनों को सांत्वना दी।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
प्रशासनिक सक्रियता और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के सहयोग से पाली और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। बाजार में रौनक लौटने लगी है, हालांकि एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त जारी है। स्थानीय बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता भी क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम करने में पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं।

क्षेत्र में अमन-चैन हमारी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी–प्रभाकर तिवारी।