प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए।

समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अर्जित की जाने वाली भूमि पर अवस्थित भवन संरचनाओं का शीघ्र मूल्यांकन कराने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को भवनों का यथाशीघ्र आकलन कर विस्तृत प्रतिवेदन जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में विकास आयुक्त  स्वप्निल, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी  रवि प्रकाश, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग  रविंद्र कुमार रवि सहित अन्य अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।