चरित्र प्रमाण पत्र सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप: लहेरियासराय थाना के पु०अनि साजिद हुसैन खान निलंबित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के आधार पर लहेरियासराय थाना में पदस्थापित पु०अनि (पुलिस अवर निरीक्षक) साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में आरोप लगाया गया है कि थाना परिसर स्थित ओडी कक्ष में बैठकर चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर एक व्यक्ति से रुपये की मांग की गई।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लहेरियासराय थाना के प्रभारी द्वारा वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा को एक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा गया। प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र सत्यापन प्रक्रिया के दौरान एक व्यक्ति से अवैध रूप से रुपये लेने का दावा किया जा रहा है, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल होने की आशंका है।
प्राथमिक जांच में सामने आए तथ्यों के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पु०अनि साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता देय होगा।