जिलाधिकारी ने बहेड़ी बाईपास पथ निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आज जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने बहेड़ी बाईपास पथ निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

सहायक अभियंता, पथ निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि बहेड़ी बाईपास पथ की कुल लंबाई 4.9 किलोमीटर है। इस योजना के अंतर्गत कुल 13 छोटे-छोटे पुल-पुलियों का निर्माण किया जाना है, जिसमें से अब तक 11 पुल-पुलियों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। एक पुल-पुलिया का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि एक बड़े पुल का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

कार्य प्रगति की समीक्षा के क्रम में यह भी जानकारी दी गई कि 4 किलोमीटर तक मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 1 किलोमीटर में जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) का कार्य पूरा कर लिया गया है। योजना को आगामी जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने अवगत कराया कि भू-अर्जन से संबंधित भुगतान की प्रक्रिया जारी है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि पथ की निर्धारित चौड़ाई 7 मीटर है तथा पथ के अलाइनमेंट में कुछ रैयतों के आवास स्थित हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रभावित रैयतों के आवासों का विधिवत मूल्यांकन कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पथ निर्माण कार्य पूर्ण हो सके।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि 103 पंचाटित रैयतों को 17.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है तथा शेष राशि के भुगतान की कार्रवाई प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बाईपास पथ क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाने एवं यातायात दबाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।