डीएम ने पीएचईडी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 28 फरवरी तक बोरिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश
डीएम ने पीएचईडी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 28 फरवरी तक बोरिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश
डीएम ने पीएचईडी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 28 फरवरी तक बोरिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बोरिंग कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं लंबित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अंचलाधिकारियों से चयनित स्थलों पर बोरिंग की स्थिति का क्रमवार फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 28 फरवरी तक सभी चयनित स्थलों पर बोरिंग कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। संवेदकों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य संपन्न करने की सख्त हिदायत दी गई।
सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे रविवार तक चयनित स्थलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचलाधिकारी एवं बीपीआरओ भी जुड़े रहे।
कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी ने बताया कि जिले में कुल 666 स्थलों पर बोरिंग कार्य प्रस्तावित है। इनमें से 319 स्थलों पर कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 35 स्थलों पर कार्य प्रगति पर है। शेष स्थलों पर कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया जारी है।
जिला पदाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की बाधा को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जानी चाहिए, ताकि आमजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।