आयुक्त की अध्यक्षता में माप-तौल विभाग की समीक्षा, पेट्रोल पम्प व पीडीएस दुकानों के सघन निरीक्षण का निर्देश
आयुक्त की अध्यक्षता में माप-तौल विभाग की समीक्षा, पेट्रोल पम्प व पीडीएस दुकानों के सघन निरीक्षण का निर्देश
आयुक्त की अध्यक्षता में माप-तौल विभाग की समीक्षा, पेट्रोल पम्प व पीडीएस दुकानों के सघन निरीक्षण का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
हिमांशु कुमार राय, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल की अध्यक्षता में आज प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में प्रमंडल के अंतर्गत तीनों जिलों दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के जिला माप-तौल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त ने माप-तौल विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला माप-तौल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पम्पों एवं जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों का नियमित एवं सघन निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को सही माप और गुणवत्तापूर्ण सेवा मिल सके।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि व्यापारियों एवं प्रतिष्ठानों को लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने लाइसेंस प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित एवं सुगम बनाने पर जोर देते हुए कहा कि व्यवसायियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक राजस्व संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ करने की हिदायत दी।
बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी-सह-क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, उप नियंत्रक माप एवं तौल प्रभाकर भारती, श्री अजय कुमार पाल, श्री रजनीश कुमार, श्री सुधीर कुमार एवं श्री मुजफ्फर आलम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।