आईपीएस डॉ. परवेज़ अख्तर का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
दस्तक 7मीडिया ,पटना/दरभंगा
दरभंगा के तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. परवेज़ अख्तर के निधन की सूचना से बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका निधन दिल्ली में हुआ। वे मूल रूप से आरा (भोजपुर) के निवासी थे और अपने लंबे व उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान के लिए जाने जाते थे।
डॉ. अख्तर वर्ष 1992 में अविभाजित बिहार में बीपीएससी के माध्यम से पुलिस उपाधीक्षक (DySP) बने थे। वर्ष 2006 में उन्हें आईपीएस में पदोन्नति मिली। अपने सेवा काल में उन्होंने नवादा सहित कई जिलों में पुलिस कप्तान (एसपी) के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया।
वे बाद में राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में सहायक निदेशक सह डीआईजी के पद पर भी पदस्थापित रहे। अकादमी की स्थापना के बाद वर्ष 2018 बैच से लेकर अब तक सूबे में नियुक्त सभी दारोगा एवं डीएसपी प्रशिक्षुओं को उनकी लिखी चर्चित पुस्तक पुलिस और पुलिसिंग के माध्यम से थाना सिरिस्ता और पुलिसिंग की पढ़ाई कराई जाती रही है।

