दरभंगा: 63 केंद्रों पर होगी वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026, संयुक्त आदेश जारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी  कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। परीक्षा 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24 एवं 25 फरवरी 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी।

प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:15/12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 4:45/5:15 बजे तक संचालित होगी। जिले में कुल 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें जिला मुख्यालय में 49, बेनीपुर में 5 एवं बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में 9 केंद्र शामिल हैं।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो प्रत्येक तिथि को सुबह 8:00 बजे तक केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। परीक्षार्थियों की सघन जांच मुख्य द्वार पर ही की जाएगी। प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र के मिलान के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी तथा मुख्य द्वार के आसपास भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।

परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी, वे केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र पर आएंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व ही प्रवेश की अनुमति होगी। प्रथम पाली के लिए सुबह 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए चार स्तरीय दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वीक्षक एवं कर्मी केवल परीक्षा संबंधी वैध कागजात ही साथ रखें। परीक्षार्थी एवं वीक्षक मोबाइल फोन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा कक्ष में नहीं ले जाएंगे।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।