दरभंगा में अपराध नियंत्रण पर सख्त समीक्षा, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सोनकी, मब्बी, केवटी, विशनपुर, सिमरी, बहादुरपुर एवं सदर थाना के थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं के साथ कार्यालय में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में थानावार लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए हत्या, डकैती, लूट और दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु समय-सीमा निर्धारित की गई।

एसएसपी ने सक्रिय अपराधियों का विवरण गुंडा पंजी में अद्यतन करने, महत्वपूर्ण मामलों के वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड करने तथा शराब तस्करों और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सघन गश्ती बढ़ाने, न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्र पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने और डायल 112 पर मिली शिकायतों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।