बिरौल में मैट्रिक परीक्षा की तैयारियां पूरी: नौ केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धारा 163 लागू

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा को लेकर बिरौल अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चलने वाली यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए अनुमंडल मुख्यालय में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए नौ केंद्रों की सूची इस प्रकार है-जेके कॉलेज,बिरौल,आदर्श केंद्र प्लस टू ओंकार उच्च विद्यालय,सुपौल,जनता उच्च विद्यालय, शिवनगर घाट,संतोबा इंटरनेशनल स्कूल, डुमरी रोड, बलाट,श्रीकृष्ण आइडियल पब्लिक स्कूल, सुपौल डुमरी,मध्य विद्यालय, सुपौल बाजार,मध्य विद्यालय, बलिया,उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर,
दार्जलिंग पब्लिक स्कूल,कमलपुर मुख्य हैं।
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी शशांक राज ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला प्रशासन के निर्देशों के आलोक में सभी नौ केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में बीएनएस की धारा 163 (144 ) के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।परीक्षा केंद्रों के आसपास अवांछित गतिविधियों और भीड़ इकट्ठा होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला मुख्यालय द्वारा विशेष उड़नदस्ता दलों का भी गठन किया गया है।


अनुमंडल प्रशासन और सभी संबंधित नौ केंद्रों के केंद्राधीक्षकों ने अपनी ओर से तैयारियां पूरी होने की पुष्टि की है। बैठने की व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी कैमरों और बुनियादी सुविधाओं की जांच कर ली गई है। अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।