हरिनगर जैसी घटना दोबारा नहीं होगी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई: चिराग,

पैसों के विवाद में घायल लोगों से डीएमसीएच में मिले, प्रशासन को दी चेतावनी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट की घटना के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को डीएमसीएच पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया।

अस्पताल में भर्ती 13 वर्षीय घायल बच्ची से मिलकर चिराग भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष को फंसाने की कोशिश भी सफल नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चिराग ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार झा समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।