महाशिवरात्रि पर कुशेश्वरस्थान में उमड़ा आस्था का सैलाब, चप्पे-चप्पे पर थी प्रशासन की पैनी नजर

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

उत्तर बिहार के सुप्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरस्थान महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा इलाका गुंजायमान रहा। इस भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे, जिससे मंदिर परिसर से लेकर सत्तीघाट और वेर चौक तक व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद नजर आई। श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद कमान संभाल रखी थी। न्यास समिति के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज और सचिव सह प्रभाकर तिवारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सत्तीघाट से लेकर मंदिर के मुख्य गर्भगृह तक सुरक्षा का घेरा तैयार किया था, ताकि कहीं भी अव्यवस्था न हो। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने वैज्ञानिक तरीके से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। कुशेश्वरस्थान पूर्वी से वेर चौक तक पुलिस के गश्ती दल को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया था। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की भारी तैनाती की गई थी। बैरिकेडिंग और कतारबद्ध दर्शन की मजबूत व्यवस्था के कारण हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने बिना किसी भगदड़ या असुविधा के बाबा का जलाभिषेक किया। स्थानीय प्रशासन और न्यास समिति के तालमेल का ही नतीजा था कि इतनी बड़ी भीड़ होने के बावजूद कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी दल भी तैनात रहे। कुल मिलाकर, महाशिवरात्रि के अवसर पर कुशेश्वरस्थान में प्रशासन की सक्रियता और पुख्ता इंतजामों ने भक्तों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा किया और इस राजकीय महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।