कुशेश्वर धाम में महाशिवरात्रि में प्रशासन की उम्मीद से कहीं अधिक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अहले सुबह 3 बजे से देर शाम तक लगभग डेढ़ लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक।
दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।
बिहार की प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवनगरी बाबा कुशेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष प्रशासन की उम्मीद से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह तीन बजे से ही बाबा का जलाभिषेक प्रारंभ हो गया, जो दोपहर के विश्राम के बाद पुनः शुरू होकर देर शाम तक अनवरत रूप से चलता रहा।
मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ती रही।
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारी कर रखी थी। बड़े वाहनों की एंट्री मंदिर क्षेत्र से लगभग पांच किलोमीटर पहले ही बंद कर दी गई थी, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई थी और वहां से श्रद्धालु पैदल अथवा छोटे वाहनों के माध्यम से मंदिर तक पहुंचे।
