दरभंगा में महाशिवरात्रि को लेकर हाई अलर्ट, 263 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय
दरभंगा में महाशिवरात्रि को लेकर हाई अलर्ट, 263 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय
दरभंगा में महाशिवरात्रि को लेकर हाई अलर्ट,
263 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। कौशल कुमार (जिला पदाधिकारी, दरभंगा) एवं जगुनाथ रड्डी (वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा) द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर 15 फरवरी 2026 को आयोजित महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले के 263 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पर्व के दौरान शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, अष्टयाम (हरि कीर्तन), शिव बारात, झांकी एवं जुलूस की परंपरा को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अग्निशमन व नियंत्रण कक्ष व्यवस्था
अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि 15 से 16 फरवरी 2026 तक जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन की एक यूनिट सभी संसाधनों के साथ तैनात रखी जाए।
जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06272-240600 जारी किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन तुरंत संपर्क कर सकें।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़
यातायात थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि 14 फरवरी की संध्या 4:00 बजे से 16 फरवरी की सुबह 6:00 बजे तक शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करें। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) को इसके अनुश्रवण का दायित्व सौंपा गया है।
सतत पेट्रोलिंग और निगरानी
सभी थानाध्यक्षों को 14 फरवरी की शाम 6:00 बजे से 16 फरवरी की सुबह 6:00 बजे तक लगातार पेट्रोलिंग करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र, दरभंगा को प्रतिनियुक्त बल को संबंधित थानों में अविलंब रिपोर्ट कराने का आदेश दिया गया है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे और भ्रमणशील रहकर पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराएंगे। प्रखंड स्तर पर भी वरीय प्रभारी पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।
कुशेश्वरस्थान महादेव मंदिर पर विशेष सुरक्षा
कुशेश्वरस्थान महादेव मंदिर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां 14 फरवरी की रात 8:00 बजे से 16 फरवरी को कार्यक्रम समाप्ति तक 47 दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्वक मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष को दें।