निर्माणाधीन एम्स दरभंगा का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
निर्माणाधीन एम्स दरभंगा का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
निर्माणाधीन एम्स दरभंगा का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को निर्माणाधीन एम्स दरभंगा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से अब तक हुए कार्य, उपलब्धियों एवं शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण की गति तेज की जाए।
एम्स परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को 24 हजार वर्ग फीट भूमि चिन्हित कर उपलब्ध करा दी गई है। वहीं पेयजल आपूर्ति के लिए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को भी आवश्यक भूमि चिन्हित कर दी गई है।
एम्स परिसर की 5.4 किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अतिरिक्त एम्स के समीप रिंग बांध एवं फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि एम्स दरभंगा के निर्माण से न केवल दरभंगा बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों को 24 घंटे उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगी।
उन्होंने निर्माण स्थल पर सड़क, जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की भी समीक्षा की तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य में गति लाने का निर्देश दिया। साथ ही नियमित रूप से प्रगति की निगरानी एवं समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।