सिमरी पुलिस की तत्परता से लापता नाबालिग सकुशल बरामद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सिमरी थाना क्षेत्र के माधोपुर वार्ड-14 से लापता हुए नाबालिग युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी उमेश साह ने सिमरी थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका पुत्र शिवम कुमार 8 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन पर कभी कॉल लग रही थी तो कभी फोन स्विच ऑफ हो जा रहा था, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई थी। इसके बाद सिमरी थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधानकर्ता एसआई ज्योति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन तथा स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच के क्रम में युवक के बिठौली क्षेत्र में होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिठौली पहुंचकर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इधर, युवक के सुरक्षित मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।