पिस्टल लहराकर दी जान से मारने की धमकी, पांच दिन बाद केस दर्ज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बड़गांव थाना क्षेत्र के मंसारा गांव में शराब के नशे में पिस्टल लहराते हुए ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पांच दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना रविवार की बताई जा रही है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ था।

पीड़ित अब्दुल हन्नान, पिता मो. हाफिज मंसूर, निवासी मंसारा गांव ने आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के ही हसमत अली हाथ में पिस्टल लेकर खुलेआम लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। उसके साथ मौजूद अन्य लोग भी हमला करने की नीयत से दौड़ पड़े। स्थिति बिगड़ती देख गांव में भगदड़ मच गई।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आरोपियों की बाइक (बीआर07एएक्स-3075) पकड़कर पुलिस को सौंप दी। हालांकि आरोपी पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए।

बड़गांव थानाध्यक्ष विनिता कुमारी ने बताया कि बड़गांव कांड संख्या-12/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।