किरतपुर चौक में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की कोशिश, विरोध करने पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला

दस्तक 7मीडिया /बिरौल 

जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी बांध के पश्चिमी तटबंध पर स्थित किरतपुर चौक में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने ‘रौशन ज्वेलर्स’ में चोरी का प्रयास किया। हालांकि पड़ोसी जूता-चप्पल व्यवसायी की सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। विरोध करने पर अपराधियों ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 से 10 की संख्या में पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। शटर टूटने की आवाज सुनकर पास में रहने वाले व्यवसायी विनोद यादव और उनके पुत्र संतोष यादव मौके पर पहुंचे। दोनों ने जब विरोध किया तो अपराधियों ने लोहे की रॉड और हथियार से हमला कर दिया।

शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर बदमाश फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किरतपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।