दरभंगा में एलिवेटेड रोड निर्माण की तैयारी तेज,

लोहिया चौक से एकमी गोलंबर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई लोगों ने स्वयं हटाए निर्माण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लोहिया चौक से एकमी गोलंबर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को सुचारु रूप से प्रारंभ कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण वाद अभियान चलाया।

अभियान के तहत सड़क किनारे स्थित स्थायी एवं अस्थायी भवनों और संरचनाओं को नियमानुसार हटाया गया। प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर आवश्यक सूचनाएं दी गई थीं। कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने स्वयं अपने मकान और दुकानों के अतिक्रमित हिस्सों को तोड़कर हटा लिया।

कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। अभियान के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), डीसीएलआर, संबंधित अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

भूमि सुधार उपसमाहर्ता ने बताया कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने जानकारी दी कि एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा लोग कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है। एलिवेटेड रोड के नीचे चार लेन सड़क का भी निर्माण किया जाएगा।

बिहार पूर्ण निर्माण निगम द्वारा निर्माण कार्य बहुत जल्द प्रारंभ किए जाने की बात कही गई है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और शहर के विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रस्तावित परियोजना समय पर पूरी हो सके।