डीएम कौशल कुमार ने जनसुनवाई में सुनी तीन दर्जन से अधिक शिकायतें, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की। जनसुनवाई के दौरान तीन दर्जन से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निष्पादन के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार एवं शुक्रवार को थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला एवं प्रमंडल स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।

आज प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, आधार कार्ड निर्माण, पहुंच पथ (सड़क मार्ग) से संबंधित समस्याएं एवं अन्य जनहित के विषय शामिल रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं कानून सम्मत तरीके से किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में विभागीय विषयों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा शिकायतकर्ताओं को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की गई थी।

जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा सम्मानपूर्वक, सरल एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।