जमालपुर रौशन ज्वेलर्स में बड़ी चोरी की साजिश नाकाम, पड़ोसियों के साहस से भागे अपराधी

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी बांध के पश्चिमी तटबंध पर स्थित ‘रौशन ज्वेलर्स’ में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने चोरी करने का दुस्साहस किया। हालांकि, पड़ोसियों की जांबाजी और तत्परता के कारण अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। अपराधियों के हमले में दो पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 8 से 10 की संख्या में आए अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने रौशन ज्वेलरी दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। शटर टूटने की आवाज सुनकर बगल में रहने वाले विनोद यादव और उनके पुत्र संतोष यादव तुरंत मौके पर पहुंचे।
जैसे ही पिता-पुत्र ने अपराधियों का विरोध करना शुरू किया, अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। आठ- दस की संख्या में होने के बावजूद जब स्थानीय लोग जुटने लगे, तो अपराधी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने खून से लथपथ विनोद यादव और संतोष यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर में भर्ती कराया।
संतोष यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकानदार से लिखित शिकायत प्राप्त की है। अंचल पुलिस निरीक्षक, महफूज आलम, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिसमें डाग स्क्वाड की मदद ली गई। पुलिस निरीक्षक महफूज आलम ने बताया कि अपराधियों की संख्या 8 से 10 के बीच बताई जा रही है। ज्वेलरी दुकान में कोई चोरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इधर घनश्यामपुर निवासी ज्वेलरी दुकानदार रौशन कुमार ने इस घटना की लिखित शिकायत की है।