राज्य स्तरीय अंतर जिला महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारी जोरों पर, 28 फरवरी से दरभंगा में दो दिवसीय आयोजन
राज्य स्तरीय अंतर जिला महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारी जोरों पर, 28 फरवरी से दरभंगा में दो दिवसीय आयोजन
राज्य स्तरीय अंतर जिला महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारी जोरों पर, 28 फरवरी से दरभंगा में दो दिवसीय आयोजन
दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज
दरभंगा में आगामी 28 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाली अंतर जिला महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को दरभंगा जिला वॉलीबॉल संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सदर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक अनंत बाबू वॉलीबॉल ग्राउंड, रन्ना का स्थल निरीक्षण किया और खेल मैदान व आवासन व्यवस्था की समीक्षा की।
संघ की ओर से खेल मैदान की तैयारी की जिम्मेदारी प्रशिक्षक मिहिर कुमार झा एवं वरीय खिलाड़ी विवेक कुमार सिंह को सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मैदान को पूरी तरह प्रतियोगिता योग्य तैयार रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा, आवासन, भोजन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
दरभंगा जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव ब्रजेश सिंह राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता में भागलपुर, पटना, गोपालगंज, सुपौल, बेगूसराय, बांका, सारण, मधुबनी सहित बिहार के कुल 8 जिलों की महिला टीमें भाग लेंगी। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण टीमों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय दरभंगा महिला वॉलीबॉल टीम की भूमिका इस प्रतियोगिता में विशेष महत्व रखती है।
यह दो दिवसीय (दिन-रात्रि) प्रतियोगिता 28 फरवरी से शुरू होगी। फाइनल में विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन दरभंगा के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा तथा समाज में खेल भावना, सामाजिक समरसता और युवाओं में राष्ट्रभावना को प्रोत्साहित करेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि महिला खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, खेल संस्कृति के विकास और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, अमरनाथ सिंह, सह सचिव श्रीमती कामिनी सिंह, मनदीप चौधरी, जिला उपाध्यक्ष प्रो. प्रभाष चंद्र मिश्र, रतीश कुमार सिंह, ठाकुर कुंदन सिंह, बैजनाथ साह, अमित चौधरी, अमित अभिषेक, शरद कुमार सिंह, चंदन झा, रजनीश झा, पिंकू खान, विवेक सिंह, लालू प्रसाद, मो. काफील, फैजान शौकत सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।