निराला क्रिकेट क्लब की धमाकेदार जीत, बेला क्लब को 104 रन से हराया
निराला क्रिकेट क्लब की धमाकेदार जीत, बेला क्लब को 104 रन से हराया
निराला क्रिकेट क्लब की धमाकेदार जीत, बेला क्लब को 104 रन से हराया
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित सत्र 2025-26 की जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के पांचवें दिन गुरुवार को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में खेले गए मुकाबले में निराला क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेला क्रिकेट क्लब को 104 रनों से पराजित कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निराला क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 279 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से लाडले ने तूफानी अंदाज में 44 गेंदों पर 77 रन (11 चौके, 3 छक्के) बनाए। एजाज ने 35 गेंदों पर 63 रन (10 चौके, 1 छक्का) की तेज पारी खेली। वीर ने 49 गेंदों पर 54 रन (6 चौके) तथा नीतीश ने 15 गेंदों पर 21 रन (5 चौके) का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 41 रन मिले।
बेला क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में युवराज, अभिनव एवं नीतीश ने दो-दो विकेट झटके, जबकि सहनवाज और कुणाल को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेला क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 175 रन पर ऑल आउट हो गई। बेला की ओर से वैभव ने 49 रन (7 चौके), कुणाल ने 20 गेंदों पर 40 रन (5 चौके, 3 छक्के), अरहान ने 36 रन (5 चौके) और युवराज ने 16 रन (3 चौके) बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
निराला क्लब की ओर से गेंदबाजी में लाडले, ओबेद एवं एजाज ने दो-दो विकेट लिए, जबकि राजा और आलम को एक-एक विकेट मिला।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए निराला क्लब के बल्लेबाज लाडले को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका विवेकानंद एवं आकाश ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य मणि ने किया।
प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को पहला मैच डायमंड क्लब बनाम लहेरियासराय क्लब तथा दूसरा मैच हसनचक बनाम भगत सिंह क्लब के बीच खेला जाएगा।