आयुक्त की अध्यक्षता में मत्स्य व पशु संसाधन योजनाओं की समीक्षा, 24×7 सेवाओं पर जोर
आयुक्त की अध्यक्षता में मत्स्य व पशु संसाधन योजनाओं की समीक्षा, 24×7 सेवाओं पर जोर
आयुक्त की अध्यक्षता में मत्स्य व पशु संसाधन योजनाओं की समीक्षा, 24×7 सेवाओं पर जोर
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने तीनों जिलों के जिला पशुपालन पदाधिकारियों से डोर-स्टेप पशु चिकित्सा सेवा के लिए संचालित एम्बुलेंट्री वाहनों की स्थिति की जानकारी ली। जिला पशुपालन पदाधिकारी, दरभंगा ने बताया कि जिले में चलंत पशु चिकित्सा इकाई नियमित रूप से संचालित है और प्रतिदिन दो प्रखंडों में सेवाएं दी जा रही हैं। दरभंगा में 18 एनिमल एम्बुलेंस कार्यरत हैं। पशु अस्पतालों की संख्या दरभंगा में 39, मधुबनी में 55 और समस्तीपुर में 48 है। तीनों जिलों में एक-एक पशु चिकित्सालय 24 घंटे संचालित है, जबकि दरभंगा के लहेरियासराय स्थित पशु अस्पताल में भी 24×7 सेवा उपलब्ध है। आयुक्त ने रात्रि निरीक्षण की बात कहते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं ईयर टैगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पशु औषधियों की उपलब्धता पर जोर देते हुए कहा कि पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना तथा ‘मैत्रेय’ कृत्रिम गर्भाधान योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना, मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री समेकित चौर विकास योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि मिथिला क्षेत्र मछली उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है और यहां की रोहू मछली की विशेष पहचान है। उन्होंने लाभुकों को योजनाओं का शत-प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बायोफ्लोक तालाब निर्माण एवं फीड मिल की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिला मत्स्य पदाधिकारियों ने बताया कि मधुबनी में 110 हजार मीट्रिक टन, दरभंगा में 89 हजार मीट्रिक टन एवं समस्तीपुर में 29 हजार मीट्रिक टन मछली का वार्षिक उत्पादन होता है।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी-सह-क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, जिला मत्स्य पदाधिकारी दरभंगा अनुपम कुमार सहित मधुबनी एवं समस्तीपुर के जिला पशुपालन एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।