दरभंगा के कराटे सितारों की राष्ट्रीय स्तर पर चमक,

69वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल कराटे चैंपियनशिप में युवराज और प्रेयांश ने जीते कांस्य पदक, कोच मुकेश मिश्रा की मेहनत रंग लाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के उभरते कराटे खिलाड़ियों युवराज आदर्श एवं प्रेयांश ने 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल कराटे चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI), जो युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था है, के तत्वावधान में पुणे (महाराष्ट्र) में 27 जनवरी से 02 फरवरी तक आयोजित की गई। इसमें देशभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। युवराज आदर्श ने अंडर-19 वर्ग में तथा प्रेयांश ने अंडर-17 वर्ग में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने दरभंगा के जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इन सफलताओं के पीछे 35 वर्षीय कोच मुकेश मिश्रा का योगदान उल्लेखनीय है। वर्ष 2017 से वे दरभंगा में निरंतर कराटे प्रशिक्षण दे रहे हैं। स्वयं भी वे वर्ष 2008 से 2016 के बीच कई प्रतिष्ठीत राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी के रूप में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।मुकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। पिछले वर्ष 12 से 15 जून तक देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित 4वीं KIO नेशनल जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2025 में प्रेयांश ने रजत पदक तथा युवराज आदर्श ने कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा, उनके शिष्य आदित्य कुमार ने KIO ऑल इंडिया सब-जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2023 (नई दिल्ली) में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मंजीत कुमार ने 67वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल अंडर-19 कराटे प्रतियोगिता 2024 (06 से 11 जनवरी) में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।

दरभंगा में कराटे खिलाड़ियों की लगातार सफलता से खेल जगत में उत्साह का माहौल है और भविष्य में और बड़े मुकाम हासिल करने की उम्मीद जताई जा रही है।