केवटी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन निर्माण को लेकर डीएम का स्थल निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश, जर्जर भवन को ध्वस्त करने का आदेश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
केवटी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन निर्माण को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने बुधवार को प्रस्तावित भवन निर्माण के लिए चयनित स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी की उपस्थिति में संबंधित पदाधिकारियों द्वारा स्थल की विधिवत मापी कराई गई। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराया जाए, ताकि आमजनों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण से प्रखंड एवं अंचल स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सुगमता आएगी। साथ ही आम नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न सेवाएं ससमय और प्रभावी ढंग से प्राप्त हो सकेंगी।
निरीक्षण के क्रम में कैंपस में स्थित जर्जर एवं अनुपयोगी पुराने भवन का भी अवलोकन किया गया। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने भवन को नियमानुसार एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नए भवन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री चंद्रमोहन पासवान, अंचलाधिकारी श्री भास्कर मंडल, राजस्व अधिकारी श्री आलोक कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।