लहेरियासराय पब्लिक स्कूल में विज्ञान–कला प्रदर्शनी सह आनंद मेला का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच
लहेरियासराय पब्लिक स्कूल में विज्ञान–कला प्रदर्शनी सह आनंद मेला का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच
लहेरियासराय पब्लिक स्कूल में विज्ञान–कला प्रदर्शनी सह आनंद मेला का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा / विधि संवाददाता/
स्थानीय लहेरियासराय पब्लिक स्कूल में बुधवार को विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी सह आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. ब्रज मोहन मिश्रा (पूर्व विभागाध्यक्ष, भौतिकी विभाग सह पूर्व निदेशक, महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, एपीजे अबुल कलाम दरभंगा), डॉ. प्रेम मोहन मिश्रा (पूर्व विभागाध्यक्ष, रसायन शास्त्र विभाग सह पूर्व निदेशक, महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, एपीजे अबुल कलाम दरभंगा), विद्यालय के निदेशक डॉ. विशाल गौरव, सचिव डॉ. रमन जी चौधरी तथा प्राचार्य वागीश कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम मोहन मिश्रा ने कहा कि यदि बच्चे स्वामी विवेकानंद और डॉ. एपीजे अबुल कलाम को अपना आदर्श मान लें, तो जीवन में उन्हें कभी कोई परेशानी नहीं होगी। डॉ. ब्रज मोहन मिश्रा ने कहा कि जब विद्यालय और विद्यार्थी आपसी तालमेल के साथ आगे बढ़ते हैं, तो बच्चों का सर्वांगीण विकास स्वतः होता है और वे स्वयं को कभी असहज महसूस नहीं करते। विद्यालय के निदेशक डॉ. विशाल गौरव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पाठ्यक्रम का ही हिस्सा हैं, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। आगत अतिथियों का स्वागत प्राचार्य वागीश कुमार झा ने पाग, चादर, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर किया।
प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रोजेक्ट, मॉडल एवं चार्ट का अतिथियों ने बारीकी से अवलोकन किया। विज्ञान प्रोजेक्ट में ऋषि राज के “वाटर सेंसर” को प्रथम, शिवम राज के “कचरे से बिजली उत्पादन” को द्वितीय तथा सोनाली झा के “कृत्रिम दूध उत्पादन” को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। मॉडल श्रेणी में अनुज कुमार के “वाराणसी मंदिर” को प्रथम, शिरीष कुमार के “राम मंदिर” को द्वितीय तथा आराधना कुमारी के “हवा महल” को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। चार्ट प्रतियोगिता में राशिका रुद्रानी की “मिथिला पेंटिंग” को प्रथम, आयशा प्रवीण की “राम-सीता की जोड़ी” को द्वितीय तथा श्रीमंत झा के “राधा-कृष्ण” चार्ट को तृतीय पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम का मंच संचालन अनुष्का कर्ण ने किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा आनंद मेला भी लगाया गया, जिसमें पानीपुरी, चाट, पाव भाजी, पकौड़ा, झालमुड़ी, कॉफी सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही ड्रॉप द कॉइन इन वाटर, रिंग थ्रो, बॉल थ्रो जैसे खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसका आनंद मुख्य अतिथि, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उठाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका सुरभि घोषाल सहित शिक्षक चन्द्र भूषण, दीप श्रेय, प्रिया झा, प्रिया सिंह, रमन जी, अरविंद, नीति, अदिति, मिथिलेश एवं इंतेहा हुसैन की भूमिका सराहनीय रही। अंत में विद्यालय के उपप्राचार्य नितिन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।