मदरसा रहमानिया में छिड़ा ‘प्रबंधन’ का संग्राम; विवाद के बाद एसडीओ ने बैठक पर लगाई रोक

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिला के नगर पंचायत बिरौल के अंतर्गत प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय शिक्षण संस्थान मदरसा रहमानिया अफजला, सुपौल इन दिनों पूर्व और वर्तमान प्रबंधन समितियों के बीच वर्चस्व की जंग का अखाड़ा बना हुआ है। आगामी 11 फरवरी को प्रस्तावित एक बैठक को लेकर उपजे विवाद ने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर प्रस्तावित बैठक पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मंगलवार को एसडीओ शशांक राज और एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी मदरसा रहमानिया पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से लंबी बातचीत की और विवाद की जड़ को समझने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने मदरसे के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मो. तोहीद के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए और प्रशासन से उन्हें तत्काल मदरसा परिसर खाली कराने की मांग की।


मामले की तह में जाने पर पता चलता है कि यह पूरा विवाद पुरानी बनाम नई समिति के बीच है।
बिहार राज्य मदरसा बोर्ड द्वारा माननीय हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में 26 दिसंबर 2025 को नई प्रबंधन समिति बनाई गई थी। इसमें अब्दुस्सलाम को अध्यक्ष और मो. अनसारूल हक को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वर्तमान समिति का आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष (फैसल वली रहमानी, मुंगेर) द्वारा आगामी 11 फरवरी को बिना किसी आधिकारिक सूचना या अनुमति के मदरसा रहमानिया परिसर में बैठक बुलाई गई है।
वर्तमान प्रबंधन का स्पष्ट कहना है कि जब नई समिति कार्य कर रही है, तो पूर्व समिति द्वारा बैठक बुलाना कोर्ट के आदेशों और बोर्ड के फैसलों की सीधी अवहेलना है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एसडीओ शशांक राज ने स्पष्ट निर्णय सुनाया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए मदरसा परिसर में होने वाली बैठक पर रोक लगा दी है। पूर्व समिति को निर्देश दिया गया है कि यदि वे बैठक करना चाहते हैं, तो किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर करें, ताकि शिक्षण संस्थान का माहौल खराब न हो। मौके पर बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ आदित्य शंकर और थानाध्यक्ष चंद्र मणि सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। फिलहाल मदरसे में विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए अनुमंडल प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।