माँ श्यामा महोत्सव 2026 की तैयारी तेज, डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
माँ श्यामा महोत्सव 2026 की तैयारी तेज, डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
माँ श्यामा महोत्सव 2026 की तैयारी तेज, डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
माँ श्यामा महोत्सव 2026 के भव्य, सुव्यवस्थित, यादगार एवं सफल आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि माँ श्यामा महोत्सव का आयोजन आगामी 07 एवं 08 मार्च 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर महोत्सव को सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं साहित्यिक दृष्टि से और अधिक समृद्ध, आकर्षक एवं जनप्रिय बनाने पर विशेष बल दिया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि माँ श्यामा महोत्सव के दौरान विद्वत गोष्ठी एवं कवि गोष्ठी सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित विद्वान, साहित्यकार एवं कवि भाग लेंगे। साथ ही महोत्सव की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता को आम जनमानस तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म के निर्माण का भी निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव की गरिमा एवं परंपरा को ध्यान में रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, आयोजन समिति के सदस्य कमला कांत झा, नवीन सिन्हा तथा माँ श्यामा मंदिर न्यास समिति के सदस्यगण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।