हावीडीह के 30 घरों में गायत्री यज्ञ के साथ गूंजा माताजी का जन्म शताब्दी संकल्प

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

गायत्री परिवार के ‘माताजी भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी’ एवं ‘अखंड ज्योति जन्म शताब्दी’ संकल्प के तहत रविवार को हनुमान नगर प्रखंड के हावीडीह गांव में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। विश्व गायत्री परिवार,शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ‘गृह-गृह गायत्री यज्ञ’ कार्यक्रम के माध्यम से गाँव के 30 घरों में एक साथ यज्ञ और संस्कारों का आयोजन संपन्न हुआ। जिला स्तर के समन्वयकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से इस वृहद् आयोजन को सफलता मिली। बिरौल और पोखराम क्षेत्र से आए अनुभवी आचार्यों ने विभिन्न घरों में टोली बनाकर यज्ञ संपन्न कराया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राम वृक्ष राय (जिला समन्वयक),राम विलास भारती (प्रखंड समन्वयक),राघवेन्द्र साहू,गोपाल प्रसाद साह,(बिरौल),गणदेव चौधरी (पोखराम) की सक्रिय भूमिका रही। गांव के विभिन्न घरों में आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन कराया गया। यज्ञ के दौरान आचार्यों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को माताजी के संकल्पों से अवगत कराया और घर-घर में शुचिता, सद्बुद्धि और शांति की स्थापना पर बल दिया। ग्रामीणों ने इस सामूहिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।