दरभंगा में इंसानियत शर्मसार: 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, पड़ोसी युवक गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा में इंसानियत को झकझोर देने वाला जघन्य हत्याकांड सामने आया है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में महज 5 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस की तत्परता से इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी 22–23 वर्षीय पड़ोसी युवक विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और पूरी रात उसकी तलाश की जाती रही। इसी दौरान इलाके में आवारा कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजनों को शक हुआ। जब वे मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ बच्ची का शव देखकर बदहवास हो गए।

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना के थानाध्यक्ष के साथ कई थानों की पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और सघन जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय उस स्थान पर तीन बच्चियां खेल रही थीं, जिनमें से आरोपी युवक को आता देख दो बच्चियां वहां से भाग गई थीं। पुलिस ने उन बच्चियों से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हो गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की। फुटेज के आधार पर विकास महतो को चिन्हित कर उसके घर पर छापेमारी की गई, जहां से खून से सने कपड़े भी बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सुंदरपुर बेला मंदिर के पास सड़क जाम कर दिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि लोग आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। गुस्साए लोगों का कहना था कि “जब बच्ची की जान गई है, तो आरोपी की जान भी ली जाएगी।”

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच  भेज दिया गया है और गिरफ्तार आरोपी से विश्वविद्यालय थाना की पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

इस मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सबसे कठोर कार्रवाई की जाएगी।