हरिनगर कांड: डीएमसीएच में पीड़ितों से मिले भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष,दोषियों की गिरफ्तारी व फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग,दलित परिवार पर हमले को बताया जातीय अत्याचार, चेतावनी :मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा आंदोलन तेज

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर गांव में बीते 31 जनवरी को हुए हमले के बाद पीड़ित परिवारों से डीएमसीएच में मुलाकात कर घटना और इलाज की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान भीम आर्मी बिहार प्रदेश अध्यक्ष अमर ज्योति पासवान दरभंगा पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल-चाल जाना। इसके बाद वे हरिनगर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से पूरी घटना की जानकारी ली।
पीड़ितों ने बताया कि 31 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे अशर्फी पासवान के परिवार पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की घटना हुई। परिजनों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व राजमिस्त्री का काम करने वाले बकाया मजदूरी मांगने के विवाद को लेकर यह हमला किया गया। हमलावरों ने घर में मौजूद पुरुषों के साथ गंभीर मारपीट की तथा बीच-बचाव करने आई महिलाओं और बच्चियों को भी नहीं छोड़ा। एक 12 वर्षीय बच्ची के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है। साथ ही गांव के समीप स्थित एक होटल में तोड़फोड़ और आगजनी का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मुख्य आरोपित पर कड़ी कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था, उचित मुआवजा तथा मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की है।

मीडिया से बातचीत में भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष अमर ज्योति पासवान ने घटना को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि मजदूरी के लगभग ढाई लाख रुपये बकाया मांगने को लेकर दलित परिवार पर हमला किया जाना जातीय मानसिकता को दर्शाता है। यह जातीय आतंकवादी है उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पूरे गांव के एक समुदाय को फंसाने की बात भ्रामक है, जबकि प्राथमिकी में 70 नामज़द और 150 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है अगर दलितों पर अत्याचार किया जाएगा तो 200 हो या 2000 चाहे जितने भी हों, सभी पर एससी/एसटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी, सुरक्षा और न्याय की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भीम आर्मी व अन्य सामाजिक संगठन आंदोलन तेज करेंगे। वहीं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदेश कमिटी के निर्देश पर दरभंगा आने की बात कही है।
इधर प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी होने की बात कही जा रही है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा में है।

यहां बता देना जरूरी हें कि इस मामले में डीएम और एसएसपी भी घटना स्थल का दौरा कर चुके हें ,जख्मियों को डीएम के निर्देश पर सहायता राशि भी दे दी गई हें ,जिला प्रशासन घर में हुई क्षति का आकलन भी कर रहा हें ,गांव में पुलिस फोर्स तैनात हें।डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट कहा हें कि जांच में जो भी दोषी हें वह बख्शे नहीं जाएंगे और निर्दोष को फंसाया भी नहीं जाएगा।