उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण हेतु विशेष कैम्प का आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित डॉ. बी. आर. अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सरल एवं सुगम ढंग से ऋण स्वीकृति एवं वितरण हेतु एक विशेष कैम्प का आयोजन किया गया।

कैम्प में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों की स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया विभिन्न बैंकों द्वारा की गई। इस अवसर पर संबंधित लाभुकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र एवं भुगतान पत्र वितरित किए गए।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 03 लाभुकों को 19.00 लाख रुपये, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 13 लाभुकों को 74.60 लाख रुपये तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 04 लाभुकों को 04.00 लाख रुपये ऋण की स्वीकृति विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदान की गई।

उप विकास आयुक्त द्वारा उपस्थित लाभुकों से उनकी प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी ली गई तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।

कैम्प में उपस्थित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना एवं रोजगार सृजन बिहार सरकार के सात निश्चय–3 का एक महत्वपूर्ण घटक है।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सफलता के लिए बैंकर्स का भावी उद्यमियों के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, दरभंगा द्वारा सभी बैंकों से ऋण स्वीकृति एवं भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाते हुए फरवरी माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का अनुरोध किया गया।
यह भी जानकारी दी गई कि मार्च 2026 में पुनः इसी प्रकार का ऋण भुगतान कैम्प आयोजित किया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम में  प्रणय कश्यप, सहायक उद्योग निदेशक, बिहार (पटना),  राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), दरभंगा सुरुचि कुमारी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, दरभंगा, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), दरभंगा, अग्रणी जिला प्रबंधक, दरभंगा, विभिन्न बैंकों के वरीय पदाधिकारी/प्रतिनिधि सहित उद्योग विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।