रैयाम चीनी मिल की पुनर्स्थापना की कवायद तेज, डीएम ने भूमि मापी व फिजिबिलिटी रिपोर्ट का दिया निर्देश
रैयाम चीनी मिल की पुनर्स्थापना की कवायद तेज, डीएम ने भूमि मापी व फिजिबिलिटी रिपोर्ट का दिया निर्देश
रैयाम चीनी मिल की पुनर्स्थापना की कवायद तेज, डीएम ने भूमि मापी व फिजिबिलिटी रिपोर्ट का दिया निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
रैयाम चीनी मिल के पुनर्विकास एवं नई स्थापना की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में चीनी मिल से संबंधित विषयों को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला गन्ना पदाधिकारी द्वारा रैयाम चीनी मिल से जुड़े सभी बिंदुओं पर क्रमवार विस्तार से जानकारी दी गई। डीएम ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को चीनी मिल की भूमि की विधिवत मापी कराने का निर्देश दिया, ताकि भूमि से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट किए जा सकें।
इसके साथ ही डीएम ने संबंधित अधिकारी को केन फिजिबिलिटी रिपोर्ट (Cane Feasibility Report) तैयार करने का भी निर्देश दिया। इस रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में नई चीनी मिल की स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रैयाम चीनी मिल के पुनर्विकास अथवा नई स्थापना की दिशा में ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, जिला ईख अधिकारी पुष्कर राज, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।