जल जमाव से नारकीय हुई सुपौल पंचायत की सूरत, करोड़ों की लागत से बने नाले पड़े बेकार।

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल प्रखंड अंतर्गत सुपौल पंचायत के वार्ड संख्या 13 में जल निकासी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। विडंबना यह है कि पंचायत स्तर पर लाखों-करोड़ों की लागत से नाले का निर्माण तो कराया गया, लेकिन सही रखरखाव,जल निकासी और सफाई के अभाव में यह योजना अब स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गई है।


वार्ड संख्या 13 में स्थिति बेहद चिंताजनक है। नाले पूरी तरह कचरे से पटे हुए हैं, जिस कारण पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई है। निकासी न होने के कारण नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर जमा हो रहा है। आलम यह है कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों को इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि,नाला निर्माण के बाद से इसकी नियमित सफाई कभी नहीं की गई।
सिल्ट और प्लास्टिक कचरे की वजह से नाला पूरी तरह चोक हो चुका है।कई जगहों पर नाले से हो रहे रिसाव ने सड़कों को दलदल में तब्दील कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को इस समस्या से कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।