मारपीट व प्रताड़ना के आरोप में कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित,पुअनि गौरव प्रसाद बने कुशेश्वरस्थान थाना के नये  थानाध्यक्ष।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में मारपीट एवं प्रताड़ना के गंभीर आरोपों में थाना अध्यक्ष समेत दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए दोनों को मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा से संबद्ध कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को आनंद कुमार खेतान, पिता ओम प्रकाश खेतान, निवासी ग्राम नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी वार्ड संख्या–04, थाना कुशेश्वरस्थान, जिला दरभंगा ने थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी एवं पु०अ०नि० मनोज कुमार शर्मा के विरुद्ध मारपीट व प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने जांच का जिम्मा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल को सौंपा था। जांचोपरांत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में दोनों पुलिस पदाधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को सत्य पाया गया।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल द्वारा दोनों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई, जिसे स्वीकार करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी एवं पु०अ०नि० मनोज कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि में दोनों को सामान्य जीवन यापन भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय थाना के अनुसंधान इकाई में तैनात पुअनि गौरव प्रसाद को कुशेश्वरस्थान का थानाध्यक्ष बनाया हें।