खाकी पर फिर दाग, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
खाकी पर फिर दाग, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
खाकी पर फिर दाग, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
दस्तक7मिडिया, दरभंगा।
दरभंगा। जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र से पुलिसिया कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी (वार्ड नंबर-04) के निवासी आनंद कुमार खेतान ने स्थानीय थानाध्यक्ष और एक अन्य पुलिस अधिकारी पर बेरहमी से मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित आनंद कुमार खेतान (पिता: ओम प्रकाश खेतान) ने दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी आपबीती सुनाई है। आवेदन के अनुसार, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष और पुलिस अवर निरीक्षक (एस आई ) मनोज शर्मा ने उनके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित भी किया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी दरभंगा ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल को सौंप दी है। जिला पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि कुशेश्वरस्थान पुलिस पिछले कुछ दिनों से लगातार विवादों में है। अभी दो दिन पूर्व ही हरीनगर गांव में दो समुदायों के बीच उपजा तनाव प्रशासन की विफलता के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती और ‘तमाशबीन’ न बनती, तो हरीनगर को लहूलुहान होने से बचाया जा सकता था।
हरीनगर की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि आनंद कुमार खेतान के साथ हुई इस घटना ने पुलिस’ के दावों की पोल खोल दी है। अब सबकी नजरें बिरौल एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।