सिंहवाड़ा सीएचसी में आपातकालीन जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन पर प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहवाड़ा में सोमवार को “आपातकालीन परिस्थितियों में जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आपदा प्रबंधन शाखा दरभंगा, स्वास्थ्य विभाग दरभंगा, रिलायंस फाउंडेशन एवं अदिथी के संयुक्त सहयोग से किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को आपदा पूर्व तैयारी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, पुनर्वास प्रक्रिया तथा जल एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक संजय कुमार सिन्हा ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपदाओं से निपटने के लिए संबंधित टीमें पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इस जनस्वास्थ्य पहल के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रशिक्षण सत्र में रिलायंस फाउंडेशन के WASH कोऑर्डिनेटर मुरशिद आलम एवं राज्य कार्यक्रम समन्वयक सूरज कुमार ने जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ आचरण (WASH) विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल जनित बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छता के उपाय, स्वस्थ जीवनशैली, हाथ धोने की छह चरणीय प्रक्रिया तथा ब्लीचिंग पाउडर और हैलोजन टैबलेट के सही उपयोग के बारे में बताया।

प्रशिक्षण स्थानीय भाषा में तकनीकी शब्दों के समावेश के साथ दिया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर जनस्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां भी करवाई गईं।

इस अवसर पर अदिथी संस्था से रोहित सिंह एवं राजीव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।