इंटरमीडिएट परीक्षा का जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से लिया जायजा।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 दरभंगा जिला अंतर्गत इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा आज से प्रारंभ होकर 13 फरवरी 2026 तक संचालित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जा रहा है।

प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक निर्धारित है। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश अनिवार्य रूप से करना है।

जिले में अनुमंडलवार मुख्यालयों में कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है। जिले में परीक्षार्थियों की कुल संख्या लगभग 49 हजार है।

आज जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेडडी  द्वारा संयुक्त रूप से जिला स्कूल, दरभंगा तथा प्लस टू सफी मुस्लिम उच्च विद्यालय, दरभंगा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, वीक्षकों की तैनाती, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं कदाचार नियंत्रण से संबंधित तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया।

जिला पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूर्णतः कदाचार-मुक्त, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परीक्षार्थियों को सभी प्रकार की आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।