आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त परिवादों की सुनवाई की गई तथा समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। आज आयोजित जनता दरबार में समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 से अधिक परिवाद प्राप्त हुए।
कई मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनता दरबार के दौरान सबा सुल्ताना, सेवा-निवृत्त महिला पर्यवेक्षिका, कार्यकारी व्यवस्था के तहत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पूसा (समस्तीपुर) से सेवा निवृत्त होने के उपरांत सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित आवेदन लेकर उपस्थित हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त महोदय ने संबंधित पदाधिकारी को जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
आयुक्त महोदय ने दरभंगा प्रमंडल के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त सभी परिवादों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी मामलों से संबंधित प्रतिवेदन अधिकतम सात दिनों के भीतर जन शिकायत कोषांग, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।