दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों से विमर्श 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधान परिषद के 05–दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों के प्रस्ताव को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्ण कर लिया गया है। इसके उपरांत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व से अनुमोदित मतदान केंद्रों की स्थिति से सभी दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के अंतर्गत कुल 34 पूर्व से अनुमोदित मतदान केंद्र हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 32 मतदान केंद्र पूर्व से स्वीकृत हैं।
निर्वाचकों के आंकड़ों के अनुसार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 34,602 मतदाता हैं, जिनमें 25,096 पुरुष, 9,505 महिला एवं 4 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,901 मतदाता हैं, जिनमें 2,228 पुरुष एवं 673 महिला मतदाता हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,400 निर्वाचक होने चाहिए। इस मानक के आधार पर 1,400 से अधिक मतदाताओं वाले 9 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए इन केंद्रों पर 9 सहायक मतदान केंद्रों के गठन का प्रस्ताव किया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार, सहायक मतदान केंद्रों के गठन के बाद दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 34 मूल एवं 9 सहायक मतदान केंद्र प्रस्तावित होंगे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 32 मूल मतदान केंद्र यथावत रहेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सहायक मतदान केंद्रों का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग के सभी दिशा-निर्देशों के अनुरूप है, जिस पर राजनीतिक दलों की सहमति अपेक्षित है।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि राहुल कुमार कर्ण, मुकेश कुमार पासवान, संदीप कुमार चौधरी, जवाहरलाल शर्मा, दिनेश कुमार राम, मुकुंद चौधरी, अशोक नायक, गगन कुमार झा, सीताराम चौधरी, देवेंद्र कुमार झा, बसंत कुमार झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।