केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत की मजबूत नींव: मीना झा

दस्तक 7मीडिया /

केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेत्री महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मीना झा ने इसे विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट समावेशी, जनकल्याणकारी और हर वर्ग के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप पेश करता है।
मीना झा ने कहा कि आयकर स्लैब में कोई बदलाव न कर सरकार ने करदाताओं को स्थिरता का संदेश दिया है, वहीं रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की समय-सीमा 31 मार्च तक बढ़ाना राहत भरा कदम है। 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाला नया आयकर अधिनियम कर प्रणाली को सरल बनाएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं और सात दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को ड्यूटी फ्री करने से इलाज सस्ता होगा। तीन आयुर्वेदिक एम्स और पांच मेडिकल हब से स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग, शिक्षा में क्रिएटर लैब, महिला सशक्तिकरण योजनाएं और रक्षा बजट में 16 प्रतिशत वृद्धि देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाएगी। उन्होंने बजट के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दी।